महापौर पूजा विधानी ने शुक्रवार को जोन क्रमांक 8 के अंतर्गत आने वाली कोनी स्थित रिवर व्यू कालोनी का निरीक्षण किया। कालोनी की एक गली में नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे अवैध और गलत तरीके से मकान निर्माण की शिकायत मिलने पर महापौर खुद एक्शन मोड में नजर आईं। उन्होंने मौके पर ही चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश जोन इंजीनियर को दिए। साथ ही उक्त निर्माण का नक्शा तुरंत निरस्त करने के कड़े आदेश जारी किए।
महापौर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित भवन निर्माता को तत्काल अपने मकान निर्माण से जुड़े सभी दस्तावेज (कागजात) लेकर विकास भवन स्थित नगर निगम कार्यालय के भवन शाखा इंजीनियर के समक्ष उपस्थित होने का फरमान सुनाया है।
निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ एमआईसी सदस्य श्याम साहू, जोन अध्यक्ष राजेश दुसेजा और पार्षद प्रतिनिधि अमित मिश्रा मौजूद रहे। इसके अलावा रिवर व्यू कालोनी के पीड़ित और आक्रोशित निवासियों ने भी मौके पर पहुंचकर महापौर को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कालोनीवासियों का कहना था कि इस गलत निर्माण की वजह से आने-जाने का रास्ता और अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही थीं।
नियमों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: महापौर
निरीक्षण के दौरान महापौर पूजा विधानी ने कड़े शब्दों में कहा कि शहर के विकास और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नक्शे के विपरीत या बिना अनुमति के होने वाले निर्माणों पर नगर निगम प्रशासन इसी तरह त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।
इंजीनियरों को दिए सख्त निर्देश
महापौर पूजा विधानी ने जोन के इंजीनियरों को हिदायत दी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें। अगर कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो शिकायत का इंतजार किए बिना तत्काल काम रुकवाएं और नियमानुसार कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।


